नमस्कार दोस्तों, मैं नाहिद खान, (पता: महेशपुर, अनगड़ा, रांची) अपने इस ब्लॉग में आप सभी का स्वागत करता हूं। आज मेरे आर्टिकल का शीर्षक है नारी और नारीवाद। नारीवाद जिसे साकार करने के लिए नारी एकता, नारी सशक्तिकरण तथा नारी शिक्षा आवश्यक है। यह एक संकल्पना है.. जिसे पूरा करने में समाज और खुद नारी की भूमिका आवश्यक है।
![]() |
| नारीवाद |
आज महिलाएं जिस उत्पीड़न और अधिनस्थ स्थिति में जी रही है उसका कारण प्रकृति नहीं बल्कि सामाजिकरण है। आवश्यकता है, इस अधीनस्थ और उत्पीड़ित स्थिति को समाप्त करने की। महिलाओं को परिवार, समाज, राज्य और समूचे विश्व के स्तर पर पुरुष के समकक्ष स्थान दिलाने की। नारीवाद वह विचारधारा है, जिसका उद्देश्य है जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं को पुरुषों के बराबर स्थान दिलाना।
शक्ति योग्यता, कार्यक्षमता अथवा अन्य किसी भी दृष्टि से नारी पुरुष से कम नहीं है। पुरुष के समकक्ष स्थिति नारी का हक है और यह हक उसे मिलना चाहिए। नारी को यह स्थिति प्राप्त हो इसलिए नारीवाद सभी स्तरों पर महिलाओं के अधिकारों में वृद्धि की मांग करता है। मांग को नारी एकता और नारी सशक्तिकरण के आधार पर ही पाया जा सकता है। इस प्रकार नारीवाद नारी समानता अथवा पुरुष से समानता नारी एकता और नारी सशक्तिकरण का आंदोलन है।
इस बात को समझ लेना आवश्यक है कि नारीवाद पुरुष विरोधी आंदोलन नहीं है, यह तो यथास्थितिवाद विरोधी आंदोलन है। परिस्थितियों का लाभ उठाकर जिन पुरुषवादी ताकतो ने शक्ति प्राप्त कर ली है, नारीवाद उन पुरुषवादी ताकतों की सत्ता का विरोध करता है। पुरुषवादी ताकतों द्वारा स्त्री के प्रति किए गए और किए जा रहे भेदभाव पूर्ण व्यवहार का विरोध करता है। सत्ता का यह विरोध नारी और पुरुष दोनों के लिए था और है। महत्वपूर्ण बात यह है कि पुरुषवादी ताकतों में केवल पुरुषों का एक वर्ग ही नहीं वरन महिलाओं का एक वर्ग भी सम्मिलित रहा है। यही कारण है कि पुरुषवादी तत्व महिलाओं की सहायता से महिलाओं पर ही अत्याचार करते आए हैं।
नारीवाद के अनुसार परिवार में पुत्र और पुत्री के जन्म तथा पालन पोषण में भेदभाव ना किया जाए, जीवन साथी के चयन में सामाजिक स्तर पर महिला की भूमिका को स्वीकार किया जाए, विधवाओं और परिवैकता को सामाजिक जीवन में उचित सम्मान दिया जाए, उनके पुनर्वास की यथोचित व्यवस्था हो, समाज के शीर्ष पदों पर महिलाएं प्रतिष्ठित हो तथा प्रत्येक स्तर पर महिलाओं के स्वतंत्र व्यक्तित्व को स्वीकार किया जाए।
नारीवाद के प्रसंग में समाज तथा नारी की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण है। नारीवाद के लक्ष्य की प्राप्ति नारी एकता तथा नारी सशक्तिकरण के आधार पर ही संभव है। आइए हम भी नारी सशक्तिकरण में उनका साथ दे, ताकि नारीवाद को सफलता प्राप्त हो।
